मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने के कार्य को प्राथमिकता दें अधिकारी जिलाधिकारी

17 एवं 24 अक्टूबर को सभी बूथों पर आयोजित होंगे विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप, व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची में शामिल होने से छूटे हुए पात्र नागरिकों एवं युवा मतदाताओं का नाम दर्ज कराने की प्रगति की समीक्षा के लिए आज जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों का नाम दर्ज कराने के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 17 एवं 24 अक्टूबर 2026 को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से संबंधित कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों एवं नगर पालिका परिषदों में मुनादी एवं अन्य प्रचार माध्यमों से कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इसकी जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पात्र युवा मतदाताओं एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे हुए नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर नाम दर्ज कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए।

जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे विशेष अभियान के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदेय स्थलों का निरीक्षण करें तथा कैंपों के आयोजन एवं मतदाता पंजीकरण की प्रगति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा मतदाता पंजीकरण से संबंधित कार्यों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जाए।

जिला प्रशासन ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 एवं 24 अक्टूबर को अपने नजदीकी मतदेय स्थल पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम दर्ज होने की पुष्टि करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें।

लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान के अधिकार का उपयोग करने की दिशा में आवश्यक कदम है। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जरूप सिंह पटेल, उप जिलाधिकारी दुद्धी, उप जिलाधिकारी ओबरा, उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज, उप जिलाधिकारी घोरावल सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *