राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 3.0 के तहत मध्यस्थता से फिर एक हुए दम्पत्ति, पुराने गिले-शिकवे भुलाकर साथ रहने का लिया निर्णयमध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवादों सहित विभिन्न मामलों का कराया जा सकता है निस्तारणपूर्वा टाइम्स ब्यूरो

सोनभद्र -माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय की मीडिएशन एवं कंसीलियेशन प्रोजेक्ट कमेटी के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र के आदेशानुसार जनपद में दिनांक 01 अगस्त 2026 से 31 दिसम्बर 2026 तक राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 3.0 संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित ऐसे मामलों, जिनमें आपसी सहमति से समाधान की प्रबल संभावना है, का मध्यस्थता के माध्यम से सरल एवं प्रभावी निस्तारण कराना है।
उक्त अभियान के अंतर्गत प्रार्थिनी चांदनी पत्नी मनोज सोनी, निवासी ग्राम पनिकप खुर्द, थाना रायपुर, जनपद सोनभद्र द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र में प्री-लिटिगेशन वाद दाखिल किया गया था। मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मध्यस्थ अधिवक्ता श्रीमती चन्द्रावती जैसवार को सुलह-समझौते की कार्यवाही के लिए नियुक्त किया गया। मध्यस्थ अधिवक्ता के प्रयासों से दोनों पक्षों के मध्य प्रभावी एवं सौहार्दपूर्ण वार्ता कराई गई, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पक्ष आपसी सहमति से साथ रहने के लिए तैयार हो गए। इस प्रकार मध्यस्थता केन्द्र की प्रभावी पहल से लंबे समय से आपसी मनमुटाव के कारण अलग रह रहे दम्पत्ति ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।

सिविल जज सी0डि0/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र राहुल द्वारा अवगत कराया गया कि राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 3.0 के अंतर्गत वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा विवाद, शमनीय आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, संपत्ति बंटवारे, बेदखली, भूमि अधिग्रहण सहित अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों का मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारण कराया जा सकता है। इसके लिए पक्षकार स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से संबंधित मामलों को चिन्हित कराकर मध्यस्थता केन्द्र में प्रेषित कर सकते हैं। उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे इस अभियान का लाभ उठाकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से अपने विवादों का सरल, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *