पीसीपीएनडीटी के तहत प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण हेतु बैठक आयोजित, चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य
अगली बैठक में चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य, अनुपस्थित रहने पर आवेदन निरस्त करने की चेतावनी
पूर्वा टाइम्स ब्यूरो
सोनभद्र -मुख्य चिकित्साधिकारी सोनभद्र द्वारा अवगत कराया गया कि पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण हेतु मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, सोनभद्र में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के क्रम में संबंधित संस्थानों के प्रबंधकों, स्वामियों एवं चिकित्सकों को उपस्थित होने के लिए बुलाया गया था। पोर्टल पर कुल 09 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 08 आवेदन पंजीकरण तथा 01 आवेदन नवीनीकरण से संबंधित था। बैठक में कुल 09 आवेदनों के सापेक्ष मात्र 04 केंद्रों के चिकित्सक ही उपस्थित हुए। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने संबंधित प्रतिष्ठान स्वामियों को निर्देशित किया कि आगामी बैठक में अपने-अपने केंद्रों के चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी बैठक में चिकित्सक के उपस्थित न होने की स्थिति में संबंधित आवेदन को नियमानुसार निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित संस्थानों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा आवेदन निस्तारण की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करने को कहा।

