बीमारी से जूझ रहे बिजली विभाग के संविदा कर्मी की मौत, तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया.
पूर्व टाइम्स -रमाशंकर सिंह
सोनभद्र -जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरहरा के टोला झरिया में बुधवार को 25 वर्षीय राहुल कुमार की मौत से परिवार में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले गए, जहां से मामले की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस ने सूचना के आधार पर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। जुगैल थानाध्यक्ष शिव प्रताप वर्मा के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:15 बजे व्हाट्सएप मेमो के जरिए सूचना मिली कि ग्राम खरहरा के टोला झरिया निवासी रमेश के पुत्र राहुल कुमार ने जामुन के पेड़ पर फांसी लगा ली थी। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए रवाना हुई। परिजनों के अनुसार, राहुल पिछले काफी समय से बीमारी से परेशान थे और उनका इलाज चल रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। रिश्तेदार रामलोचन निराला ने बताया कि मृतक उनके रिश्ते में नाती लगते थे और उनकी बहन के बेटे थे। उन्होंने बताया कि राहुल लंबे समय से बीमारी और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे थे।जानकारी के मुताबिक, राहुल बिजली विभाग के चतरवार उपकेंद्र में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे। बीमारी के कारण वह पिछले कुछ समय से नियमित रूप से ड्यूटी नहीं कर पा रहे थे। बताया गया कि दो अगस्त के बाद उन्होंने कभी-कभार ही काम किया। हालांकि, उनकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। राहुल के परिवार में तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें छह और चार वर्ष की दो बेटियां तथा करीब डेढ़ वर्ष का एक बेटा है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बिजली विभाग से जुड़े संगठन के सदस्य भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

