जिलाधिकारी ने पटवध-बसुआरी मार्ग एवं घाघर नदी पर निर्माणाधीन सेतु की प्रगति का लिया जायजा

नवंबर माह तक पुल का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश, सड़क निर्माण में तेजी लाने पर जोर

निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता से समझौता न करने की हिदायत
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति के क्रम में पटवध-बसुआरी मार्ग एवं घाघर नदी पर निर्माणाधीन सेतु परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पटवध से बसुआरी मार्ग परियोजना की भौतिक प्रगति वर्तमान में 43 प्रतिशत है। इस परियोजना को पूर्ण करने की पुनरीक्षित तिथि 31 मार्च 2027 निर्धारित है।

इसी मार्ग पर मुख्य जिला मार्ग के किलोमीटर-3 में घाघर नदी पर सेतु एवं पहुंच मार्ग का निर्माण जिला खनिज न्यास फाउंडेश की परियोजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। इस परियोजना की भौतिक प्रगति 80 प्रतिशत है तथा कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि 31 अक्टूबर 2026 है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एवं संबंधित विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि घाघर नदी पर निर्माणाधीन पुल का निर्माण नवंबर माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पटवध-बसुआरी मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए उसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हों। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराकर आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार, अपर संख्याधिकारी जय सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज नायक, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *