गांधी-शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात कर देश की तरक्की में योगदान दें: शोएब अहमद

ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स फेडरेशन के मंडल कार्यालय में मनाई गई राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती
प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद ने किया महापुरुषों के चित्र पर पुष्पार्चन, वक्ताओं ने सत्य, अहिंसा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने का किया आह्वान
मंडल अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन रहमानी की अध्यक्षता में हुआ आयोजन, पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दी श्रद्धांजलि
पूर्वा टाइम्स
गोरखपुर। सत्य, अहिंसा और सादगी के प्रतीक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सादगी की मिसाल भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स फेडरेशन के मंडल कार्यालय पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। मंडल अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन रहमानी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद मुख्य अतिथि तथा जोन-वन के प्रदेश सचिव दीनानाथ यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महासचिव दिलीप कुमार पटवा ने किया, जबकि गोरखपुर के जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा ने विषय परिवर्तन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शोएब अहमद ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी और ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देने वाले लाल बहादुर शास्त्री का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही समाज और देश की प्रगति में सार्थक योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी, लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और राष्ट्र की तरक्की में महापुरुषों तथा हमारे पूर्वजों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
महापुरुषों के बताए रास्ते पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि
विशिष्ट अतिथि दीनानाथ यादव ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को देश की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। सत्य, अहिंसा, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण जैसे मूल्यों को अपने जीवन में उतारना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंडल अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन रहमानी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और देश के प्रति समर्पण की भावना हम सभी के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर शास्त्री जी ने देश के जवानों और किसानों के महत्व को नई पहचान दी। राष्ट्र की तरक्की में किसानों और जवानों की भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। हम सभी को देशहित में समर्पण की भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
मंडल महासचिव दिलीप कुमार पटवा ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री भारतीय इतिहास के ऐसे महान व्यक्तित्व हैं, जिनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे। वहीं, गोरखपुर के जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि यह देश का सौभाग्य है कि यहां ऐसे महापुरुषों ने जन्म लिया, जिन्होंने आजादी की लड़ाई से लेकर राष्ट्र निर्माण तक अपने विचारों, त्याग और कर्मों से देश को नई दिशा प्रदान की। उनका योगदान सदैव याद किया जाता रहेगा।
इस अवसर पर जिला महासचिव वकील अहमद एवं वरिष्ठ सदस्य शेषनाथ जैसवार ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें देश की अमूल्य धरोहर बताया।
कार्यक्रम में सतीश कुमार, संतोष श्रीवास्तव, वकील अहमद , बाबू लाल गुप्ता, अभिषेक श्रीवास्तव, प्रवीण कुशवाहा, राजकुमार, अमर प्रताप सिंह, मोहम्मद अतीक, इमामुद्दीन खान, मोहम्मद असलम, चंद्रशेखर वर्मा, कृष कुमार शुक्ला, शाहनवाज आलम, अजय त्रिपाठी, किताबुद्दीन खान, परवेज आलम, पूजा वर्मा, शिरीन परवेज, मोहम्मद रिम्शा खान, मोहम्मद फारूक सहित फेडरेशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
