घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन हटाने की मांग

ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जताई चिंता, मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी हो चुकी है शिकायत

एसडीओ बोले- मामला संज्ञान में, एस्टीमेट तैयार कर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर। सहजनवा तहसील अंतर्गत विकास खंड पाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुरगहना में घरों के दरवाजे और आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन को हटाकर केबल लगाए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से लोगों के साथ ही पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि तार जर्जर होने या किसी कारण से टूटने की स्थिति में अप्रिय घटना हो सकती है।
ग्रामीणों के अनुसार, समस्या के समाधान के लिए पूर्व में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है। इस मामले को पूर्व में दैनिक भास्कर में भी प्रकाशित किया गया था। इसके बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों की मांग है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घरों और आबादी के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन को हटाकर सुरक्षित केबल की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
इस संबंध में अभियंता जयराम गुप्ता से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। वहीं एसडीओ सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है और कार्य के लिए एस्टीमेट तैयार कर दिया गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *