गाड़ी से भाजपा का झंडा उतारकर फफक पड़े डॉ. संजयन त्रिपाठी

बोले बहुत भारी मन से बीजेपी का त्याग कर रहा हूं
पूर्वा टाइम्स- डा अनिल गौतम
गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा की ओर से ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर असंतोष का मामला सामने आया है। टिकट के दावेदार रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी ने गुरुवार को कमिश्नर कार्यालय में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।नामांकन के बाद जब डॉ. संजयन त्रिपाठी अपनी कार के पास पहुंचे तो उन्होंने कार पर लगा भाजपा का झंडा उतार दिया, इस दौरान वह भावुक नजर आए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कुछ देर तक झंडे को हाथ में रखा और फिर उसे गाड़ी से अलग कर दिया।
मीडिया से बातचीत में डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कहा कि एक निष्ठावान कार्यकर्ता की उपेक्षा से उन्हें और वर्षों से पार्टी का झंडा-बैनर लेकर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लंबे समय तक संगठन के लिए मेहनत करता है और उम्मीद करता है कि उसे भी किसी समय अवसर मिलेगा।उन्होंने टिकट वितरण के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से शीर्ष नेतृत्व के सामने भी सवाल खड़े होते हैं।डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कहा कि उनके साथ समर्थकों का प्रेम और आशीर्वाद है और बड़ी संख्या में लोग दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर उनके नामांकन में पहुंचे हैं। उन्होंने समर्थकों के भरोसे चुनाव मैदान में उतरने की बात कही और जीत सुनिश्चित होने का दावा किया।
गौरतलब है कि भाजपा ने इस शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार निर्वाचित एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं टिकट के प्रमुख दावेदार रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की थी।

