हिंदी के गौरव से सजा सोनभद्र, हिंदी पखवाड़े का हुआ उत्साहपूर्ण आगाज

अटल आवासीय विद्यालय गुरमुरा में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ, एकलव्य विद्यालय पीपरखण्ड,पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज शक्तिनगर में साहित्य और संस्कृति के रंगों से सजा हिंदी दिवस

कविता, कहानी, नाटक और पोस्टर के जरिए विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, हिंदी के सम्मान-संवर्धन का दिया संदेश

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -हिंदी हमारी भाषा ही नहीं, हमारी संस्कृति, विचार और अभिव्यक्ति की सशक्त पहचान है”—इसी भावना के साथ हिंदी दिवस के अवसर पर जनपद सोनभद्र में हिंदी भाषा के सम्मान, संवर्धन एवं अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। अटल आवासीय विद्यालय, गुरमुरा में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ किया गया, जहां विद्यार्थियों को हिंदी की समृद्ध साहित्यिक विरासत एवं जीवन में उसके महत्व से परिचित कराया गया।
इसी क्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पीपरखण्ड, कोन एवं पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज शक्तिनगर में हिंदी दिवस उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने कविता गायन, कहानी वाचन, पोस्टर निर्माण, नाटक एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
किसी ने कविता के शब्दों में हिंदी का गौरव उकेरा, तो किसी ने कहानी और अभिनय के माध्यम से हिंदी की महत्ता का संदेश दिया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार आकर्षक पोस्टरों ने भी हिंदी के प्रति प्रेम, सम्मान और जागरूकता की भावना को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में हिंदी के संरक्षण, संवर्धन और दैनिक जीवन में अधिकाधिक प्रयोग का संदेश दिया गया। हिंदी दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ ही उनमें हिंदी के प्रति गौरव, आत्मीयता और सम्मान की भावना को और मजबूत करने की सार्थक पहल बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *