ऑपरेशन शुद्धि के तहत दुद्धी पुलिस ने 1.38 क्विंटल डोडा किया बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार.पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत दुद्धी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय डोडा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अर्टिगा कार की पिछली सीट में छिपाकर रखा गया 1 क्विंटल 38 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा बरामद किया। डोडा नौ प्लास्टिक की बोरियों में रखा गया था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं। बरामद डोडा और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ कुमार, क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रकाश साहनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक दुद्धी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:45 बजे रजखड़ घाटी में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की अर्टिगा कार संख्या UP16-GT4953 में मादक पदार्थ लदा है और वह हाथीनाला की ओर जा रही है। सूचना पर पुलिस ने वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और कार को पकड़ लिया। वाहन से उतरकर भागने का प्रयास कर रहे दोनों आरोपियों को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया। तलाशी के दौरान पिछली सीट के अंदर छिपाई गई नौ प्लास्टिक की बोरियां मिलीं। बोरियों में कुल 1 क्विंटल 38 किलो 538 ग्राम डोडा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनूप साहू पुत्र दीनानाथ, निवासी नई बस्ती खलीलपुर रोड, थाना सीबीगंज, बरेली और राहुल पुत्र छत्रपाल मौर्य, निवासी ग्राम नंदासी, थाना सीबीगंज, बरेली के रूप में हुई है।
एडिशनल एसपी ऋषभ रुणवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने डोडा झारखंड के डाल्टनगंज से खरीदकर बरेली ले जाने की बात बताई है। डोडा की कीमत करीब 21 लाख और अर्टिगा की कीमत करीब नौ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। मामले में थाना दुद्धी में मु.अ.सं. 250/2026, धारा 8/18/27/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, तस्करी नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


