गांव-गांव पहुंची पुलिस की चौपाल, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के साथ अपराध नियंत्रण पर जोर
गोरखपुर। जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण, अपराध नियंत्रण और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गोरखपुर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से शुक्रवार को जिले के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में विशेष “चौपाल” का आयोजन किया गया। चौपाल में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके समाधान का प्रयास किया। इस पहल का उद्देश्य थानों की कार्यप्रणाली को अधिक जनोन्मुख बनाने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय एवं सहज पहुंच सुनिश्चित करना है।
चौपाल के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, आपसी विवाद, भूमि एवं राजस्व संबंधी समस्याओं, रास्ते और अन्य स्थानीय मुद्दों की जानकारी ली। लोगों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित इन चौपालों में क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। इससे पुलिस से जुड़ी शिकायतों के साथ राजस्व संबंधी मामलों को भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर ग्रामीणों को मिला। अधिकारियों ने कहा कि छोटे विवादों को समय रहते संवाद और आपसी समन्वय के माध्यम से सुलझाने से बड़े विवादों और अपराधों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकता है।
थाना कैण्ट क्षेत्र के दाउदपुर और बेतियाहाता, थाना एम्स क्षेत्र के भैरोपुर, थाना खोराबार के बिनहा और सूबाबाजार, थाना कोतवाली क्षेत्र के नसीराबाद-बेनीगंज तथा थाना राजघाट क्षेत्र के गोरक्षनाथ घाट में चौपाल लगाई गई। इसी क्रम में थाना तिवारीपुर के माधोपुर, थाना सहजनवां के भीटीरावत और थाना गीडा क्षेत्र के भरसाड़ में भी अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
थाना चौरीचौरा क्षेत्र के शिवपुर और बदुरहिया, थाना झंगहा क्षेत्र के मीठाबेल नईबाजार और राजधानी, थाना पिपराईच के कस्बा पिपराईच और बेला पिपराईच में भी चौपाल का आयोजन हुआ। वहीं थाना बांसगांव क्षेत्र के कस्बा बांसगांव और मलहनपार, थाना बेलीपार क्षेत्र के चारपानी अड्डा और बुजुर्ग, थाना गगहा क्षेत्र के परीहस्ती और गजपुर तिवारी टोला तथा थाना बड़हलगंज क्षेत्र के रजौली और भैसवली गांव में पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद किया।
चौपाल में अधिकारियों ने केवल शिकायतें सुनने तक ही सीमित न रहते हुए लोगों को अपराध से बचाव और कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया। ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों, अवैध कारोबार, नशे के प्रसार, विवाद और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई। साथ ही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कम्यूनिटी पुलिसिंग का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच दूरी कम कर भरोसे का मजबूत रिश्ता कायम करना है। चौपाल जैसी पहल के माध्यम से पुलिस सीधे लोगों के बीच पहुंच रही है, जिससे आमजन बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकें। अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि जनता के सहयोग से ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाया जा सकता है।
गोरखपुर पुलिस की ओर से गांवों और मोहल्लों में चौपाल के आयोजन को लगातार जारी रखने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर समस्याओं की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान कराया जा सके और किसी भी संभावित विवाद या अपराध को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके। पुलिस एवं प्रशासन की इस संयुक्त पहल से ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत होने के साथ ही पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

