चीनी की जमाखोरी पर प्रशासन सख्त, स्टॉकिस्टों के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी ओबरा ने ओबरा एवं चोपन में चीनी स्टॉकिस्टों की जांच की

प्रत्येक शुक्रवार भारत सरकार के पोर्टल पर चीनी स्टॉक घोषित करना अनिवार्य

जमाखोरी अथवा स्टॉक संबंधी अनियमितता मिलने पर होगी कठोर विधिक कार्रवाई –

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चीनी के बढ़ते मूल्य को नियंत्रित रखने तथा बाजार में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चीनी स्टॉकिस्टों की दुकानों एवं गोदामों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सोनभद्र के निर्देश पर उपजिलाधिकारी, ओबरा द्वारा क्षेत्र में चीनी स्टॉकिस्टों के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ओबरा स्थित बालाजी ट्रेडर्स तथा चोपन स्थित अनूप ट्रेडर्स एवं मोहित ट्रेडर्स के प्रतिष्ठानों एवं गोदामों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक की जांच की गई। इस दौरान स्टॉक संबंधी अभिलेखों एवं उपलब्ध मात्रा का भी सत्यापन किया गया।
उपजिलाधिकारी ने संबंधित स्टॉकिस्टों एवं व्यापारियों को निर्देशित किया कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक शुक्रवार पोर्टल पर चीनी के उपलब्ध स्टॉक की घोषणा अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी दशा में चीनी की जमाखोरी न की जाए और बाजार में इसकी उपलब्धता सामान्य बनाए रखी जाए।
व्यापारियों को चेतावनी दी गई कि निरीक्षण के दौरान जमाखोरी, स्टॉक छिपाने अथवा किसी अन्य प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा चीनी के मूल्य एवं उपलब्धता पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा शासन के निर्देशों के अनुपालन में स्टॉकिस्टों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *