यातायात तिराहे से डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा हटने पर सियासत गरम
नगर निगम ने कहा- सौंदर्यीकरण के लिए अस्थायी रूप से हटाई गई प्रतिमा, निगम परिसर में सुरक्षित रखी गयी
गोरखपुर। यातायात तिराहे पर स्थापित देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा हटाए जाने को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में नाराजगी सामने आई है। प्रतिमा हटाए जाने की जानकारी के बाद चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा स्थायी रूप से नहीं हटाई गई है। यातायात तिराहे पर चल रहे सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य के चलते उसे अस्थायी रूप से हटाकर नगर निगम परिसर में सुरक्षित रखा गया है। नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि प्रतिमा को न तो क्षतिग्रस्त किया गया है और न ही कहीं फेंका गया है। सामाजिक संगठनों ने कहा कि सौंदर्यीकरण के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा उसी स्थान पर सम्मानपूर्वक पुनः स्थापित की जाए। उन्होंने ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
स्थानीय लोगों ने भी महापुरुष के सम्मान को ध्यान में रखते हुए प्रतिमा को उचित स्थान पर पुनः स्थापित करने की मांग की है।

