एबीसी सेंटर हेतु भूमि चिन्हांकन में तेजी, जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश
मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना एवं 15वें वित्त आयोग के प्रस्तावों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना एवं वंदन योजना के सम्बन्ध में जनपद के समस्त नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन के निर्देशानुसार एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि के चिन्हांकन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगरीय निकायों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में वन्दन योजना के अन्तर्गत चुर्क नगर पंचायत में शीतला माता मंन्दिर पर अवस्थापना सुविधायें एवं सौन्दर्यीकरण कराने हेतु प्रस्ताव शासन को प्रेषित किये जाने हेतु जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किये।
जिलाधिकारी ने प्रस्तुत प्रस्तावों का परीक्षण करते हुए उपयुक्त एवं जनहितकारी कार्यों को स्वीकृति प्रदान की तथा जो प्रस्ताव योजना की गाइडलाइन के अनुरूप नहीं पाए गए, उनके स्थान पर नियमों के अनुरूप अन्य जनोपयोगी कार्यों के प्रस्ताव दो दिवस के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योजनाओं के अंतर्गत ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिनसे नगरों की उपयोगिता, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं तथा सौंदर्यीकरण में प्रभावी वृद्धि हो और आमजन को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का क्रियान्वयन गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला, नगर निकाय के सभी अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित अवर अभियंता उपस्थित रहे।









