छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत वर्ष 2026-27 हेतु शिक्षण संस्थानों के साथ कार्यशाला/बैठक की गयी

पूर्वा टाइम्स – समाचार सोनभद्र -मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में छात्रवृत्ति सम्बंधित कार्यशाला/बैठक की गयी। जिसमें माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा संस्थानों के प्राचार्य/प्रधानाचार्य एवं छात्रवृत्ति नोडल सहित समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं सम्बंधित कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यशाला में सर्वप्रथम अवगत कराया गया कि सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र छात्राओं की छात्रवृत्ति के लिए शासन द्वारा वर्ष 2026-27 में भी एकीकृत समय सारणी निर्गत की गयी है, समय सारणी अनुसार सभी सम्बंधित हितधारकों को नियमानुसार कार्यवाही करनी हैं। उक्त कार्यशाला में छात्रवृत्ति सम्बन्धित तीनों विभाग के अधिकारियों द्वारा पी०पी०टी० एवं वीडियो के माध्यम से समस्त शिक्षण संस्थानों को छात्रवृत्ति पोर्टल पर की जाने वाली प्रक्रियाओं को अवगत कराया गया एवं उसकी एक प्रति वितरित की गई। निर्गत समय सारणी अनुसार सर्वप्रथम कक्षा 09 से 12 तक के शिक्षण संस्थानों द्वारा छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपने संस्थान का मास्टर डाटा 05 अगस्त 2026 तक अपडेट किया जाना है। जिसकी प्रकिया 22 जुलाई से प्रारंभ हो चुकी है एवं तत्पश्चात जिला विद्यालय निरीक्षक एवं समाज कल्याण विभाग तथा अल्पसंख्यक विभाग द्वारा मास्टर डाटा को लाक करने की कार्यवाही 10 अगस्त तक की जानी है। कक्षा 09 से 12 तक नवीनीकरण के छात्र छात्राओं द्वारा 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक एवं नवीन श्रेणी के छात्र छात्राओं द्वारा 11 अगस्त से 21 सितम्बर तक आनलाइन आवेदन किया जाना है। कक्षा 09 से 12 के छात्र छात्राओं द्वारा किए गए आनलाइन आवेदन सम्बंधित शिक्षण संस्थानों द्वारा नवीनीकरण के सभी पात्र आवेदन को 30 अगस्त 2026 तक एवं नवीन श्रेणी के आवेदन को 05 अक्टूबर 2026 तक रिसीव तथा वेरीफाई करते हुए अपात्र को रिजेक्ट तथा पात्र को अग्रसारित करना है। वहीं उच्च शिक्षा के शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा को 15 अगस्त 2026 तक अपडेट किया जाना है।जिसकी प्रकिया 22 जुलाई से प्रारंभ हो चुकी है एवं सम्बंधित विश्वविद्यालय एवं एफिलिएटिंग एजेंसी तथा समाज कल्याण तथा अल्पसंख्यक विभाग द्वारा मास्टर डाटा को लाक करने की कार्यवाही 14 सितम्बर तक की जानी है। उच्च कक्षाओं (कक्षा 12 से उपर के) के नवीनीकरण के छात्र छात्राओं द्वारा 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर 2026 तक एवं नवीन श्रेणी के छात्र छात्राओं द्वारा 15 सितम्बर से 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन किया जाना है। उच्च कक्षाओं से सम्बंधित शिक्षण संस्थानों द्वारा नवीनीकरण के सभी पात्र आवेदन को 25 अक्टूबर 2026 तक एवं नवीन श्रेणी के आवेदन को 10 नवम्बर 2026 तक रिसीव, रिजेक्ट अथवा वेरीफाई तथा अग्रसारित किया जाना है। मुख्य विकास अधिकारी महोदया द्वारा बताया गया कि शिक्षण संस्थानों को यह ध्यान में रखना है कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना सीएम डैशबोर्ड पर शामिल है, जिसका अर्थ यह है कि प्रत्येक माह कुल आवेदन के सापेक्ष शिक्षण संस्थाओं द्वारा रिजेक्ट अथवा अग्रसारित किए गए आवेदनों का प्रतिशत प्रदर्शित होता है और उसी के आधार पर जिले की ग्रेडिंग तय होती है। ग्रेडिंग। से कम होने की स्थिति में जिले के विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और इसके लिए संबंधित शिक्षण संस्थान, जिला विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी एवं सम्बंधित विभागीय अधिकारी जिम्मेदार होंगे। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा इस तथ्य पर बल दिया गया की प्रत्येक बच्चें जो छात्रवृत्ति का आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा और उसके बाद ही वह आवेदन कर पाएंगे। इसके लिए समस्त शिक्षण संस्थानवार बच्चों के साथ भी एक कार्यशाला आयोजित करते हुए सम्पूर्ण तथ्यों से अवगत करायें। जिसकी रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से प्राप्त करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया। साथ ही शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया गया कि किसी भी स्थिति में संस्थान आवेदनों को कार्यवाही के लिए लम्बित नहीं रखेगे एवं ससमय बच्चों के आवेदन पर आप निर्णय लेंगे। अगर रिजेक्ट का आधार है तो आप रिजेक्ट करेंगे अन्यथा उसे फारवर्ड ही करेंगे और प्रत्येक माह के अंतिम तिथि से पूर्व समस्त आवेदनों पर आप निर्णय ले लेंगे अन्यथा अगले माह ऐसे संस्थानों को चिन्हित करते हुए आवश्यक विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कल्याण सेक्टर के छात्रवृत्ति से संबंधित तीनों अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि अपने कार्यालय स्तर से आवश्यकता अनुरूप कार्मिकों के ड्यूटी लगाते हुए छात्रवृत्ति सेल का गठन करें एवं प्रतिदिन पोर्टल का अनुश्रवण सुनिश्चित करें, की किन संस्थानों के स्तर पर आवेदनों के सापेक्ष निर्णय लिया जाना या प्रक्रिया किया जाना लंबित है ताकि उन्हें अवगत कराते हुए प्रत्येक माह की अंतिम तिथि से पूर्व संपूर्ण आवेदनों का निस्तारण किया जाना सुनिश्चित हो सके। कार्यशाला के अन्त में कतिपय शिक्षण संस्थान द्वारा अपेक्षित बिंदुओं पर एवं आ रही कठिनाई पर चर्चा की गयी जिसके क्रम में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक, एवं छात्रवृत्ति नोडल सहित समाज कल्याण, पिछड़ा कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *