रामगढ़ रोड़ रेलवे ओवरब्रिज के पास आवागमन की समस्या के समाधान हेतु जिला प्रशासन की प्रभावी पहल

जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश के क्रम में रामगढ़ रोड़ स्थित निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के समीप आमजन एवं वाहनों के आवागमन में हो रही असुविधा के निस्तारण हेतु तहसीलदार सदर अमित सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए मौके पर ही निर्माण एजेंसी के साथ विस्तृत वार्ता की गई तथा आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्णय लिए गए।
100 मीटर लंबा एवं 5 मीटर चौड़ा लिंक मार्ग बनेगा, गुरुवार तक कार्य पूर्ण किया जायेगा।
निरीक्षण के दौरान यह निर्णय लिया गया कि रेलवे स्टेशन के मुख्य मार्ग से 100 मीटर लंबा एवं 5 मीटर चौड़ा वैकल्पिक लिंक मार्ग तत्काल तैयार कराया जाएगा। निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि ने अवगत कराया कि गुरुवार तक लिंक मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। साथ ही यह भी तय किया गया कि जब तक लिंक मार्ग तैयार नहीं हो जाता, तब तक रेलवे ओवरब्रिज के पूर्वी हिस्से में कोई निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा, जिससे आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। रोड़ पर केवल हल्के वाहन यानी दो पहियां व चार पहिया वाहन जाने की अनुति रहेगी।
जिलाधिकारी ने समस्या के निराकरण हेतु कराई प्रभावी कार्रवाई
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। लिंक मार्ग तैयार होने के बाद दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का आवागमन और सुगमता से हो सकेगा तथा स्थानीय नागरिकों को आवागमन में हो रही असुविधा से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *