जनपद में सुरक्षा व्यवस्था होगी हाईटेक, प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे

अल्ट्राटेक के सीएसआर फंड से स्थापित होगी आधुनिक निगरानी प्रणाली –

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा अल्ट्राटेक के सीएसआर फंड के माध्यम से आधुनिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए जाएंगे। इन कैमरों को जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, दुर्घटना बहुल क्षेत्रों, बाजारों, संवेदनशील स्थानों, चोरी एवं आपराधिक घटनाओं की आशंका वाले क्षेत्रों तथा अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर लगाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाना तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
वर्षभर होगी सतत निगरानी, कानून-व्यवस्था होगी और मजबूत
यह सीसीटीवी व्यवस्था किसी विशेष आयोजन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वर्षभर निरंतर संचालित रहेगी। कैमरों के माध्यम से जनपद की कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की गतिविधियों तथा अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी। इससे अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित नजर, यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने तथा किसी भी आपात स्थिति में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में जिला प्रशासन एवं पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। यह आधुनिक निगरानी प्रणाली सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
अपराध नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई में मिलेगी सहायता
सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चोरी, लूट, तोड़फोड़ एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ-साथ अपराधियों की शीघ्र पहचान एवं गिरफ्तारी में भी सहायता मिलेगी। साथ ही यातायात संचालन, सार्वजनिक गतिविधियों की निगरानी तथा विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन में भी यह प्रणाली उपयोगी सिद्ध होगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से की सहयोग की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों एवं संस्थानों से अपील की है कि वे भी अपनी दुकानों, प्रतिष्ठानों, आवासों, कार्यालयों एवं अन्य महत्वपूर्ण परिसरों में स्वेच्छा से सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं। नागरिकों की सहभागिता से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी तथा चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अपराधमुक्त जनपद के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *