घर जा रहे डॉक्टर के ऊपर कार सवार बदमाशों ने की फायरिंग

गगहा थाना क्षेत्र का है मामला

पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम

गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र के रहने वाले डाक्टर गौरीशंकर ने थाना गगहा में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कुछ कार सवार युवकों ने बृहस्पतिवार देर रात उनकी कार को रोकने का प्रयास किया और असफल होने पर उन पर फायरिंग कर दी। संयोगवश गोली उन्हें नहीं लगी और उनकी जान बच गई। हालांकि की गगहा पुलिस का कहना है कि आरोप संदिग्ध लग रहा है। पीड़ित डाक्टर गौरीशंकर के अनुसार वह 15 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे अपनी कार से घर जा रहे थे। आरोप है कि पीछे से आ रही एक वैगनार कार में सवार युवकों ने टिकरी मोड़ के आगे उनकी कार को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। उन्होंने खतरे की आशंका भांपते हुए अपनी कार की रफ्तार बढ़ा दी और घर की ओर निकल गए। आरोप है कि इसी दौरान वैगनार सवार युवकों ने उनकी ओर दो राउंड फायरिंग की। हालांकि दोनों गोलियां उन्हें नहीं लगीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 को सूचना दी और थाना गगहा पहुंचकर लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।डाक्टर गौरीशंकर ने पुलिस से आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।इस सम्बन्ध में प्रभारी निरीक्षक गगहा राजकुमार सरोज ने कहा तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में अभी फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *