युवाओं के भविष्य, श्र‌द्धालुओं की आस्था और आम जनता की जेब तीनों पर भाजपा सरकार ने किया प्रहार : सत्य नारायण पटेल

गोरखपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव, पूर्वांचल जोन प्रभारी एवं पूर्व विधायक श्री सतनारायण पटेल ने आज गोरखपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश का युवा, श्रद्धालु और आम नागरिक आज स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक ने लाखों प्रतिभाशाली छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और भ्रष्टाचारमुक्त बनाने में पूरी तरह विफल रही है।

श्री पटेल ने श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। आस्था के नाम पर राजनीति करने वालों को इस मामले पर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने एथेनॉल युक्त पेट्रोल से वाहन चालकों को हो रही परेशानियों, इंजन संबंधी शिकायतों और बढ़ते आर्थिक बोझ का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त तैयारी और जनहित की चिंता किए ऐसी नीतियां लागू करना आम जनता पर अतिरिक्त भार डालना है।

श्री पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य, जनता की आस्था और आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी तथा जनता की आवाज़ को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *