कोन थाने का सिपाही बना दरोगा, थाने सहित परिजनों में खुशी का माहौल
प्रभारी निरीक्षक ने लगाए स्टार,दी शुभकामनाएं
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र- कोन में शुक्रवार का दिन खुशी और गौरव का दिन रहा ।उत्तर प्रदेश दरोगा भर्ती परीक्षा में कोन थाने के दो पुलिसकर्मियों ने शानदार सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में अन्य पुलिस जवानों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है। बतादें कि कोन थाना में पिछले करीब दो वर्षों से आरक्षी के पद पर तैनात राम भवन कुशवाहा ने उपनिरीक्षक (सीधी भर्ती) परीक्षा उत्तीर्ण कर दरोगा पद पर अंतिम रूप से चयन प्राप्त किया, वहीं हेड कांस्टेबल त्रिभुवन चंद्र को पदोन्नति के बाद उपनिरीक्षक बनाया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने दोनों पुलिसकर्मियों के कंधों पर उपनिरीक्षक के स्टार लगाकर नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
जनपद देवरिया निवासी राम भवन कुशवाहा अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासित कार्यशैली और सौम्य व्यवहार के लिए थाना कोन में पहचान रखते हैं। नियमित पुलिस ड्यूटी के साथ उन्होंने लगातार अध्ययन जारी रखा और कठिन परिश्रम के बल पर उपनिरीक्षक (सीधी भर्ती) परीक्षा में सफलता हासिल कर अपना सपना साकार किया। उनकी उपलब्धि से थाना परिसर में उत्साह का माहौल रहा और साथी पुलिसकर्मियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में हेड कांस्टेबल त्रिभुवन चंद्र को विभागीय पदोन्नति के बाद उपनिरीक्षक का पदभार मिलने पर सम्मानपूर्वक स्टार पहनाए गए। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कोन अखिलेश मिश्रा ने कहा कि पदोन्नति और प्रतियोगी परीक्षा में सफलता दोनों ही पुलिसकर्मियों के समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली का सम्मान हैं। आगे उन्होंने कहा कि दोनों ही उप निरीक्षक अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करते हुए आमजन को बेहतर पुलिस सेवा प्रदान करेंगे। उन्होंने मीडिया वंधुओं से अपील किया कि खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करें ताकि युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिल सके। बतादें कि राम भवन कुशवाहा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं साथियों को देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति समर्पण और आत्मविश्वास बनाए रखना ही सफलता की कुंजी है। वहीं उपनिरीक्षक त्रिभुवन चंद्र ने भी वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से करेंगे।
समारोह के दौरान थाना कोन के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों उपनिरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह अवसर थाना कोन के जवानों के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ।









