धारा-24 के वादों के त्वरित निस्तारण हेतु 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलेगा विशेष पैमाइश अभियान –
जीएनएसएस रोवर तकनीक से होगी पैमाइश, प्रत्येक तहसील में प्रतिदिन 5-5 गांवों में होगा कार्य
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जिलाधिकारी सोनभद्र के निर्देश पर राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद में 01 जुलाई से 15 अगस्त, 2026 तक धारा-24 के लंबित वादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जीएनएसएस (GNSS) रोवर तकनीक से भूमि पैमाइश कराई जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक तहसील में गठित रोवर पैमाइश टीम प्रतिदिन 5-5 गांवों में अभियान चलाकर लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करे। अभियान के दौरान नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों की टीम संयुक्त रूप से पैमाइश का कार्य करेगी।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि पैमाइश कार्य की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं दैनिक प्रगति अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। अभियान की प्रगति गूगल शीट पर प्रतिदिन अपडेट की जाएगी तथा रोवर तकनीक से पैमाइश के लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा।
जनपद में वर्तमान में धारा-24 के कुल 253 वाद लंबित हैं, जिनका अभियान अवधि में प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को राजस्व परिषद की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन करते हुए पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण पैमाइश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।









