प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल गिरी, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल; जांच के निर्देश


पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवा गोरखपुर। सहजनवा तहसील अंतर्गत विकास खंड पाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनकटिया के बंगलाखोर स्थित प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल गिर जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में चर्चा है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही कि विद्यालय की बाउंड्री वॉल अचानक धराशायी हो गई।
मामले की जानकारी लेने पर विद्यालय के अध्यापक बृजेश यादव ने बताया कि उन्हें विद्यालय में कार्यरत हुए लगभग एक वर्ष हुआ है तथा बाउंड्री वॉल का निर्माण कब कराया गया था, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
वहीं कुंवर विक्रम पांडेय ने बताया कि बाउंड्री वॉल गिरने की सूचना मिली है, लेकिन इसका निर्माण कब और किन परिस्थितियों में हुआ था, इसकी जानकारी ब्लॉक स्तर के संबंधित अधिकारियों के पास ही उपलब्ध होगी।
प्रकरण को लेकर अधिकारियों ने जांच कराने की बात कही है। उनका कहना है कि बाउंड्री वॉल के निर्माण की अवधि, गुणवत्ता तथा किसी प्रकार की अनियमितता की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति की बाउंड्री वॉल का गिरना गंभीर विषय है और इसमें लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।








