सड़क निर्माण में लापरवाही पर फूटा किसानों का गुस्सा, ठेकेदार पर अभद्रता का आरोप

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर।हरपुर बुदहट क्षेत्र के ग्राम गुलटही में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा पानी टंकी से प्राइमरी स्कूल तक बनाई जा रही पिच सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुए करीब दो माह बीत चुके हैं, लेकिन ठेकेदार द्वारा सड़क किनारे केवल मिट्टी पाटकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है। निर्माण कार्य में हो रही देरी से किसानों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ ही दिनों में धान की रोपाई शुरू होने वाली है। यदि रोपाई के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया तो सड़क के दोनों ओर स्थित किसानों के खेतों को भारी नुकसान होगा। किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार कहने के बावजूद ठेकेदार काम शुरू नहीं करा रहा है।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने ठेकेदार से फोन पर बातचीत कर कार्य शुरू कराने की मांग की, लेकिन आरोप है कि ठेकेदार ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इससे नाराज किसानों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
प्रदर्शन में क्षेत्र पंचायत सदस्य राधेश्याम सहित प्रदीप, रामकरन, सोनू, पंकज, देवेंद्र, भुआल, अमन, अर्जुन और उदयनाथ समेत कई किसान शामिल रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस सम्बंध में आरईएस जेइ सुबोध तिवारी का कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही है जो वह काम नही शुरू कर रहे है, ग्रामीणों से अभद्रता की सूचना की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *