सहजनवा ब्लॉक कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर। सहजनवा ब्लॉक मुख्यालय में
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को विकासखंड सहजनवा कार्यालय परिसर में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहजनवा ब्लॉक प्रमुख कुलदीप नारायण चौहान ने की, जबकि वह मुख्य अतिथि के रूप में भी उपस्थित रहे।
योग कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुई, जिसमें ब्लॉक कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कुलदीप नारायण चौहान ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी दूर होता है और व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में लेखाकार राघवेंद्र पाठक, एडीओ (पंचायत) राजकुमार, हेमंत सिंह, सचिव विनय पासवान, सचिव हरिओम, सफाई कर्मी अश्विनी सिंह सहित अन्य सफाई कर्मी एवं ब्लॉक के कर्मचारी मौजूद रहे।
योग कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम का समापन योग के प्रति जागरूकता फैलाने और नियमित रूप से योग करने के संकल्प के साथ हुआ। पूरे आयोजन में “करें योग, रहें निरोग” का संदेश प्रमुखता से दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *