सावन की मस्ती और सोलह श्रृंगार के रंग में रंगा वूमेन सर्कल ग्रुप का सावन सेलिब्रेशन

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी वूमेन सर्कल ग्रुप की ओर से सावन सेलिब्रेशन कार्यक्रम का भव्य एवं मनमोहक आयोजन किया गया। 14 अगस्त को ओबरा के एस कैफे एंड रेस्टोरेंट में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सावन के पारंपरिक रंगों में सोलह श्रृंगार के साथ सज-धजकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का वातावरण सावन की उमंग, उल्लास और महिला मित्रता के रंगों से सराबोर रहा। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों एवं सोलह श्रृंगार के साथ अपनी सुंदरता और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के क्विज, फन गेम्स एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता में डिंपी गौतम ने बाजी मारते हुए ‘सावन क्वीन-2026’ का खिताब अपने नाम किया। वहीं फन गेम्स में सोनी सिंह, आरती विश्वकर्मा एवं निधि गौतम विजेता रहीं। विजेताओं के उत्साह और प्रतिभा ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। आयोजकों ने बताया कि सावन सेलिब्रेशन का उद्देश्य महिलाओं को आपसी मेल-मिलाप, मनोरंजन और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का एक खुशनुमा अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम में महिलाओं ने गीत-संगीत, हंसी-खुशी और मनोरंजक खेलों के बीच सावन के उत्सव का जमकर आनंद लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन रचना बरनवाल, निधि विश्वकर्मा, कोमल श्रीवास्तव, जया बरनवाल एवं सारिका सिंह द्वारा किया गया। आयोजिकाओं ने कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं उत्साह से सावन सेलिब्रेशन यादगार बन सका। सावन की हरियाली, सोलह श्रृंगार की खूबसूरती और महिलाओं की खिलखिलाहट से सजा यह आयोजन आपसी प्रेम, सौहार्द और उमंग का सुंदर संदेश देता नजर आया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और अगले वर्ष फिर इसी उत्साह के साथ सावन सेलिब्रेशन मनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *