डीएमएफ एवं राज्य योजना ग्रामीण के कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

महत्वपूर्ण पुल, सेतु एवं सड़क परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) एवं राज्य योजना ग्रामीण के अंतर्गत निर्माणाधीन महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं ताकि आमजन को उनका लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पटवध-बसुहारी मार्ग पर घाघर नदी के ऊपर निर्माणाधीन सेतु एवं पहुंच मार्ग की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्य में अपेक्षित तेजी लाने तथा निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सेतु क्षेत्र के हजारों लोगों के आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक में ग्राम मारकुण्डी-घुरमा मार्ग पर घाघर नदी स्थित पुराने एवं जर्जर पुल के स्थान पर 8-सेल बॉक्स कल्वर्ट तथा सुरक्षात्मक कार्यों के निर्माण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, जिससे क्षेत्रीय जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त कलवारी-राबर्ट्सगंज राज्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर सड़क अवसंरचना से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी बल्कि क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर परियोजनाओं की प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित सभी विकास परियोजनाएं शासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रीय जनता को बेहतर संपर्क मार्ग, सुरक्षित आवागमन एवं आधारभूत सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *