किसानों को खाद की सुलभ उपलब्धता के लिए डीएम ने किया खाद आवंटन
1377 मीट्रिक टन यूरिया, 1168 मीट्रिक टन डीएपी का हुआ आवंटन
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र। खरीफ फसल की बुवाई के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की संस्तुति के बाद जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद की 74 सहकारी समितियों एवं इफको बिक्री केंद्रों के लिए 1377 मीट्रिक टन यूरिया आवंटित की गई है। इसी तरह 71 सहकारी समितियों व इफको बिक्री केंद्रों के लिए 1168 मीट्रिक टन डीएपी का आवंटन किया है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद की 74 सहकारी समितियों एवं इफको बिक्री केंद्रों पर 1377 मीट्रिक टन यूरिया आवंटित की गई है। इसी तरह 71 सहकारी समितियों एवं इफको बिक्री केंद्रों के लिए 1168 मीट्रिक टन डीएपी का आवंटन स्वीकृत किया गया है। आवंटित उर्वरकों की आपूर्ति पीसीएफ के माध्यम से संबंधित बिक्री केंद्रों तक कराई जा रही है ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सहकारी समिति या इफको बिक्री केंद्र से संपर्क कर उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करें और केवल निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक खरीदें। किसानों से यह भी कहा गया है कि यदि कहीं कालाबाजारी, ओवररेटिंग या कृत्रिम अभाव जैसी शिकायत मिले तो इसकी सूचना तत्काल सहकारिता विभाग के कंट्रोल रूम अथवा जिला कृषि अधिकारी कार्यालय को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि किसानों को खरीफ सीजन में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि खाद संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान 9198788248, 9452165778 नंबरों पर समाधान के लिए तत्काल शिकायत कर सकते हैं।









