जिलाधिकारी ने पेयजल आपूर्ति कार्यों की समीक्षा की

टैंकरों की जीपीएस मॉनिटरिंग व्यवस्था की हुई समीक्षा

ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से हो रही है निगरानी

ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति के दिए निर्देश

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -ग्रीष्म ऋतु के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संचालित टैंकरों की व्यवस्था की जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कैंप कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने टैंकरों में स्थापित जीपीएस सिस्टम, ऑनलाइन ट्रैकिंग व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रगति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के जिन क्षेत्रों में भूजल स्तर नीचे जाने के कारण पेयजल संकट उत्पन्न होता है, वहां टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। सभी टैंकरों में जीपीएस उपकरण स्थापित कर उनकी ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। इसके लिए विकसित पोर्टल पर पेयजल संकट वाले स्थानों को चिन्हित किया गया है, जिससे टैंकरों की आवाजाही एवं जलापूर्ति की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक जल जीवन मिशन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था नहीं हो सकी है, वहां टैंकरों के माध्यम से नियमित एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए। इस संबंध में उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *