इंदिरा बाल विहार पर विरोध प्रदर्शन केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी पुतला दहन की कोशिश नाकाम

गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के इंदिरा बाल विहार परिसर में कॉकरोच पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कार्यकर्ता इंदिरा बाल विहार पर एकत्रित होकर विरोध जताने लगे। उन्होंने बैनर-पोस्टर के साथ नारेबाजी की और केंद्रीय मंत्री का पुतला जलाने की तैयारी शुरू कर दी। अचानक हुए इस प्रदर्शन से इलाके में हलचल मच गई।
मौके पर मौजूद कैंट पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए पुतला दहन की कोशिश को नाकाम करते हुए पुतले को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मौके से कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। अन्य प्रदर्शनकारी वहां से हट गए, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का प्रदर्शन और पुतला दहन करना नियमों के विरुद्ध है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं से पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस सतर्क बनी हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के अवैध प्रदर्शनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *