चौरी चौरा चौराहे पर जाम से जनता बेहाल, सभासद ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

गोरखपुर। गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग स्थित भोपा बाजार चौराहे पर लगातार लगने वाले जाम और बढ़ते अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर भाजपा मीडिया प्रभारी एवं नगर पंचायत सभासद संदीप कुमार विश्वकर्मा ने शुक्रवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि भोपा बाजार चौराहे के दोनों तरफ अवैध ठेले, ऑटो स्टैंड और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे प्रतिदिन यातायात प्रभावित हो रहा है। यह मार्ग गोरखपुर और देवरिया को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग होने के कारण यहां दिनभर वाहनों की भारी आवाजाही रहती है।जाम से स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी सभासद ने बताया कि अतिक्रमण के चलते स्कूल बसों को निकलने में भारी दिक्कत होती है, वहीं पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में जोखिम उठाना पड़ता है। कई बार जाम के कारण एम्बुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। दुर्घटनाओं की आशंका, स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग ज्ञापन में गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर चौराहे से लगभग 200 मीटर की दूरी पर दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की गई है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण यहां दुर्घटना की होती रहती है। साथ ही नई बाज़ार रोड एवम गोरखपुर देवरिया मुख्य मार्ग चौराहे पर खड़े होने वाले ऑटो वाहनों को निर्धारित स्थान 200 मीटर की दूरी पर स्थानांतरित कर सड़क से दूर व्यवस्थित करने का सुझाव दिया है।
शनिवार को भोपा बाजार के लिए वैकल्पिक स्थान का प्रस्ताव
सभासद ने शनिवार को लगने वाले बकङा मंडी भोपा बाजार को भी जाम का एक प्रमुख कारण बताते हुए इसके लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित कर बाजार को स्थानांतरित करने की मांग की, ताकि मुख्य मार्ग बाधित न हो और यातायात सुचारु बना रहे। प्रशासन से जनहित में हस्तक्षेप की अपील संदीप कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि यह केवल यातायात का नहीं बल्कि जनसुरक्षा का भी मुद्दा है। उन्होंने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने, ऑटो स्टैंड को व्यवस्थित करने तथा स्पीड ब्रेकर निर्माण जैसे आवश्यक कदम उठाने की मांग की, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों और राहगीरों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा भोपा बाजार चौराहा गोरखपुर-देवरिया मार्ग का महत्वपूर्ण केंद्र है। अव्यवस्थित ठेले, ऑटो और अतिक्रमण के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनती है। जनहित में तत्काल कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाना आवश्यक है।








