सरस्वती शिशु मंदिर में विश्व साइकिल दिवस पर जागरूकता रैली का आयोजन

गोरखपुर। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर (10+2),रेल विहार,राप्ती नगर,गोरखपुर में मंगलवार को पर्यावरण जागरूकता अभियान के अंतर्गत विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर साइकिल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली हरक्यूलिस साइकिल के सौजन्य से आयोजित हुई।रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद सिंह राठौड़ ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा,”पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत की दृष्टि से’साइकिल चलाओ अभियान’अत्यंत प्रासंगिक है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में, जहाँ ईरान युद्ध के कारण आपूर्ति शृंखला प्रभावित हुई है,साइकिल परिवहन का एक परंपरागत किंतु आज भी सार्थक साधन है।”उन्होंने भैया-बहनों का आह्वान करते हुए कहा कि छोटी दूरी के लिए अधिक से अधिक साइकिल का प्रयोग करें। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी,बल्कि पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।यह जागरूकता रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर रेल विहार क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनःविद्यालय प्रांगण में आकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभाग किया।इस अवसर पर हरक्यूलिस साइकिल के क्षेत्रीय प्रबंधक सुमित कुमार, विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य राम पुजारी चतुर्वेदी,मनीष प्रजापति, मनीष राम त्रिपाठी,राजकुमार त्रिपाठी सहित समस्त आचार्य-परिवार उपस्थित रहा।








