सोन नदी में डूबे दो किशोर लापता, तलाश में जुटी पुलिस और प्रशासन.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -कोन थाना क्षेत्र के हर्रा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सोन नदी में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है। प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों किशोरों की तलाश लगातार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हर्रा गांव निवासी 14 वर्षीय पवन कुमार और 13 वर्षीय कृष्णा निषाद मंगलवार को सोन नदी में स्नान करने गए थे। दोनों आपस में ममेरे और फुफेरे भाई बताए जा रहे हैं। नहाने के दौरान अचानक दोनों किशोर नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और देखते ही देखते पानी में डूबकर लापता हो गए। घटना को देख नदी किनारे मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। कुछ ही देर में दोनों किशोर पानी में ओझल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोन थाना पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य के लिए स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। ओबरा उपजिलाधिकारी (एसडीएम) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
गोताखोरों द्वारा नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार खोजबीन की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दोनों किशोरों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों किशोरों के परिजन और रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंच गए। अपने बच्चों के लापता होने की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी नदी किनारे जमा हैं और दोनों किशोरों के मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें बचाव अभियान पर टिकी हुई हैं और लोग दोनों किशोरों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *