अनियंत्रित होकर खाई में पलटी कार, महिला डॉक्टर सुरक्षित.पूर्वा टाइम्स – समाचार

चोपन थाना क्षेत्र के पटवध इलाके में शक्तिनगर-वाराणसी राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के समय कार में केवल महिला चालक सवार थी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि महिला सुरक्षित बच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की निवासी पायल वर्मा (32 वर्ष), पत्नी योगेश वर्मा, बुधवार सुबह अपनी कार से अकेले वाराणसी के लिए निकली थीं। बताया जा रहा है कि पायल वर्मा पेशे से डॉक्टर हैं तथा उनके पति भी डॉक्टर हैं। जब वह चोपन थाना क्षेत्र के पटवध इलाके में शक्तिनगर-वाराणसी राजमार्ग से गुजर रही थीं, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे के दौरान कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और कार के अंदर फंसी महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों ने महिला को संभाला और उसकी स्थिति की जानकारी ली। संयोग अच्छा रहा कि महिला को गंभीर चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलने के बाद चोपन पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हादसे की जानकारी एकत्र की। पुलिस ने महिला का नाम-पता दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद महिला काफी घबरा गई थीं, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से स्थिति सामान्य हुई। बाद में महिला को अन्य साधन से वाराणसी के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त कार को एजेंसी के माध्यम से हटवाकर भेज दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजमार्ग पर तेज रफ्तार और अचानक वाहन अनियंत्रित होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। पुलिस ने भी वाहन चालकों से सतर्कता के साथ ड्राइविंग करने और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त सावधानी बरतने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *