जैतपुर क्षेत्र में दो मेडिकल स्टोरों में लगाया गया ताला अन्य को नोटिस।
पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवां गोरखपुर। मुख्यमंत्री पोर्टल पर किए गए शिकायत को संज्ञान में लेकर एसडी एम सहजनवा द्वारा टीम गठित करके सोमवार को जैतपुर बाजार में मेडिकल स्टोरों के खिलाफ जांच अभियान चलाया गया।जांच के दौरान मानक विहीन दो मेडिकल स्टोरों में ताला बंद कराया गया। अन्य को नोटिस देते हुए तीन दिन के अंदर जवाब मांगा गया।
सोमवार को नायब तहसीलदार दुर्गेश चौरसिया और पिपरौली सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर शिवानंद मिश्रा द्वारा कार्यवाही करते हुए सबसे पहले वसुधा चौराहे पर मिलन विश्वास के मेडिकल स्टोर को चेक किया गया इसके बाद जैतपुर में सीमा मेडिकल स्टोर, नंदापार में विष्णु विश्वास, नगवां में जुगुल विश्वास आदि का मेडिकल स्टोर चेक किया गया। नंदापार में मेडिकल स्टोर चला रहे विष्णु विश्वास के पास कोई कागजात उपलब्ध न होने के कारण मेडिकल स्टोर में ताला बंद कराया गया। यहां तक कि मौके पर विष्णु विश्वास अपना आधार कार्ड भी नहीं दिखा सका। नगवां में जुगुल विश्वास अपने घर के अंदर अव्यवस्थित रूप से मेडिकल स्टोर चलाते हुए मिला। यहां घर के अंदर बेड, बिस्तर, टीवी सहित गृहस्थी का सारा सामान रखा गया था। जिसे टीम द्वारा तत्काल ताला बंद कराते हुए चेतावनी दी गई। अन्य मेडिकल स्टोर वालों को नोटिस देते हुए तीन दिनों के अंदर जवाब मांगा गया है। इस दौरान डॉक्टर शिवानंद मिश्रा ने कहा कि कल से और ज्यादा सघन अभियान चलाकर मेडिकल स्टोर का लाइसेंस लेकर फर्जी प्रैक्टिस करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएंगी। मरीजों के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ऐसे कतिपय डॉक्टरों और मेडिकल स्टोर चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान शिवबहादुर यादव, अरुण गौतम, कपिलदेव, अभिनव मिश्रा सहित गीडा की पुलिस बल मौजूद रही।








