नौकरी दिलाने के नाम पर 55 लाख की ठगी करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, FCI में नियुक्ति का देता था झांसा.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -नौकरी दिलाने के नाम पर भोली-भाली जनता से लाखों रुपये की ठगी करने वाले हिस्ट्रीशीटर आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी भारतीय खाद्य निगम (FCI) में असिस्टेंट (AG-III) के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से रुपये वसूलता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अब तक करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन उपाध्याय एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रायपुर विजय कुमार चौरसिया की टीम ने आरोपी मनोज कुमार पाण्डेय पुत्र वीरेन्द्र बहादुर पाण्डेय निवासी ग्राम रायपुर, थाना रायपुर, जनपद सोनभद्र को 27 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7:40 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 26 नवंबर को दयानंद शर्मा निवासी ग्राम सिरवनियां, पोस्ट कंचनपुर, जनपद देवरिया ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि मनोज कुमार पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने उन्हें भारतीय खाद्य निगम में असिस्टेंट (AG-III) के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके एवज में कुल 10 लाख रुपये की मांग की गई और अलग-अलग किस्तों में नकद एवं बैंक खाते के माध्यम से 8 लाख 14 हजार रुपये ले लिए गए। इसके बाद आरोपियों ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से फर्जी एडमिट कार्ड और नियुक्ति पत्र तैयार कर पीड़ित को सौंप दिया। दस्तावेजों के फर्जी होने का संदेह होने पर जब पीड़ित ने शेष दो लाख रुपये देने से इनकार करते हुए अपनी रकम वापस मांगी, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर (एचएस नंबर 36ए) है और उसके खिलाफ गुंडा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित मामले दर्ज हैं। आरोपी खुद को रेलवे के डीआरएम कार्यालय का कर्मचारी बताकर राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश के देवरिया, सोनभद्र, रॉबर्ट्सगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को रेलवे एवं भारतीय खाद्य निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देता था। पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अब तक 7 से 8 लोगों के साथ करीब 55 लाख रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अदद मोबाइल फोन (आईफोन) और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *