जय ज्योति इण्टर कॉलेज, चुर्क (सोनभद्र) में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान एवं मानव तस्करी उन्मूलन विषयक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन।

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र के आदेशानुसार आज दिनांक 27.11.2026 को अपराह्न 02:00 बजे राहुल, सिविल जज (सी०डि०)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद सोनभद्र द्वारा ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ एवं बाल विवाह व जबरन विवाह के उन्मूलन हेतु अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जय ज्योति इण्टर कॉलेज, चुर्क (सोनभद्र) में एक वृहद विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र तथा मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान एवं जनपद के विभिन्न विभागों (मानव तस्करी रोधी थाना, जिला बाल कल्याण इकाई, वन स्टॉप सेंटर एवं श्रम विभाग) के समन्वय से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी की रोकथाम, पहचान, मुक्तिकरण एवं पुनर्वास के प्रति संवेदनशील बनाना तथा उन्हें उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल, सिविल जज (सी०डि०)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र ने कहा कि बाल विवाह और मानव तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियाँ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं उनके मौलिक अधिकारों के हनन का प्रमुख कारण हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को निडर होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के शोषण या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल हेल्पलाइन नंबरों (जैसे 1098, 112) या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विधिक साक्षरता के माध्यम से ही एक सशक्त, सुरक्षित एवं बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण संभव है।
उक्त जागरूकता शिविर में शमशेर बहादुर सिंह (चीफ एल.ए.डी.सी., सोनभद्र), सम्भव गुप्ता (पटना हाई कोर्ट अधिवक्ता), विजय कुमार (श्रम विभाग), सुश्री अनुराधा जायसवाल (केस वर्कर, वन स्टॉप सेंटर), सर्वजीत सिंह (कनिष्ठ लिपिक), सहित जय ज्योति इण्टर कॉलेज, चुर्क (सोनभद्र) विद्यालय के शिक्षकगण व लगभग 150 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों से आए रिसोर्स पर्सन द्वारा विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम 2012 (POCSO Act), महिला एवं बाल अधिकार, बंधुआ मजदूरी उन्मूलन, श्रमिक अधिकार तथा अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही, नालसा (NALSA) की विभिन्न योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अलावा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण तथा दूर-दराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इसके व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
यह जानकारी राहुल, सिविल जज सी0डि0/सचिव (पूर्ण कालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र द्वारा दी गयी है।
दिनांकः- 27.11.2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *