त्योहारों के सीजन में भी राशन को तरस रहे कार्डधारक, दो दिन से सर्वर ठप

सुबह से सर्वर चलने का इंतजार कर रही जनता, कोटेदारों को झेलना पड़ रहा आक्रोश
पूर्वा टाइम्स
गोरखपुर। त्योहारों के सीजन में भी सरकारी राशन की दुकानों पर कार्डधारकों को राशन नहीं मिल पा रहा है। सर्वर नहीं चलने के कारण पिछले दो दिनों से राशन वितरण प्रभावित है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। लोग सुबह से ही राशन की दुकानों पर पहुंचकर सर्वर चालू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। राशन लेने पहुंचे कार्डधारकों को घंटों इंतजार करने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। त्योहार के समय खाद्य सामग्री की जरूरत बढ़ने के कारण लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। सर्वर की तकनीकी समस्या के चलते राशन वितरण नहीं होने से जनता का गुस्सा कोटेदारों पर फूट रहा है। जबकि कोटेदार भी तकनीकी बाधा के कारण असहाय नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दो दिनों से समस्या बनी हुई है, लेकिन संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इसे दूर करने के लिए कोई ठोस पहल होती नहीं दिख रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब त्योहारों के दौरान राशन की सबसे अधिक जरूरत है, तो वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं। कार्डधारकों ने मांग की है कि सर्वर की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि पात्र लोगों को समय से राशन मिल सके और त्योहार के मौके पर उन्हें परेशानियों का सामना न करना पड़े।
