सोनभद्र में 10 से 25 अक्टूबर तक होगा निःशुल्क खाद्यान्न वितरण

अवशेष ई-केवाईसी तत्काल कराएं राशन कार्डधारक: जिला पूर्ति अधिकारी
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता ने अवगत कराया है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत माह अक्टूबर 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण जनपद में निर्धारित किया गया है। जनपद के समस्त अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को माह अक्टूबर 2026 में गेहूँ एवं चावल का निःशुल्क वितरण 10 अक्टूबर 2026 से 25 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अन्त्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति अन्त्योदय कार्ड 35 किलोग्राम खाद्यान्न, जिसमें 10 किलोग्राम गेहूँ एवं 25 किलोग्राम चावल शामिल है, पूर्णतः निःशुल्क वितरित किया जाएगा। इसी प्रकार पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट 05 किलोग्राम खाद्यान्न, जिसमें 01 किलोग्राम गेहूँ एवं 04 किलोग्राम चावल शामिल है, पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
ऐसे कार्डधारक जिनका अंगूठा किसी कारणवश बायोमेट्रिक मशीन पर रीड नहीं हो पा रहा है, उनके लिए मोबाइल ओटीपी (OTP) वेरिफिकेशन के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यह सुविधा खाद्यान्न वितरण की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 को उपलब्ध रहेगी। ऐसे सभी लाभार्थी 25 अक्टूबर 2026 को ओटीपी सुविधा का लाभ लेते हुए अपना निर्धारित खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राशन कार्ड में सम्मिलित सभी यूनिटों/सदस्यों की ई-केवाईसी (e-KYC) कराने की प्रक्रिया चल रही है। जनपद के जिन राशन कार्डधारकों अथवा उनके परिवार के सदस्यों की ई-केवाईसी अभी अवशेष है, वे तत्काल अपनी उचित दर दुकान (कोटेदार) पर उपस्थित होकर ई-केवाईसी कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी कार्डधारकों से अपील की है कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया समय से पूर्ण कराएं, जिससे पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न योजना का लाभ निरंतर मिलता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *