ABVP कार्यकर्ताओं से विवाद के बाद कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह निलंबित
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद बड़ी कार्रवाई की गई। मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारी संजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी कैंट द्वारा अभद्रता किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू की जा रही है।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं और थाना प्रभारी के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी, जिसके बाद मामला तेजी से बढ़ा। विवाद की सूचना उच्च अधिकारियों तक पहुंचने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की जांच पुलिस अधीक्षक नगर, गोरखपुर की निगरानी में कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








