हरिशंकर तिवारी की 91वीं जयंती पर उमड़ा जनसमूह

  • वक्ताओं ने उनके सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक योगदान को किया याद, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
  • गोरखपुर। पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी की 91वीं जयंती बुधवार को बड़हलगंज स्थित नेशनल पीजी कॉलेज परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी एवं समर्थक उपस्थित रहे।
    ।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पाण्डेय ने कहा कि हरिशंकर तिवारी ने पूर्वांचल की राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए, जिन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।
    सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आईपी सिंह ने कहा कि हरिशंकर तिवारी जनभावनाओं को समझने वाले जननेता थे। उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में क्षेत्र के विकास और आम जनता के हितों को प्राथमिकता दी।
    पूर्व सांसद भीष्मशंकर उर्फ कुशल तिवारी ने कहा कि उनके व्यक्तित्व और कार्यों से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
    पूर्व विधायक चिल्लूपार विनय शंकर तिवारी ने कहा कि हरिशंकर तिवारी ने संघर्ष और सेवा के बल पर जनता का विश्वास जीता। उनका जीवन समाज के प्रति समर्पण और जनसेवा का उदाहरण है।
    बीएचयू के प्रोफेसर डॉ. वशिष्ठ अनूप तथा गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जितेन्द्र मिश्र ने कहा कि हरिशंकर तिवारी ने शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से स्थापित शैक्षणिक संस्थान आज हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को संवार रहे हैं।
    सपा सांसद रामभुआल निषाद और सुमन पासवान ने भी अपने संबोधन में हरिशंकर तिवारी के सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए उन्हें पूर्वांचल का लोकप्रिय जननेता बताया। कार्यक्रम के दौरान विनय शंकर तिवारी ने पण्डितजी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाले चिल्लूपार विधान सभा क्षेत्र के डेढ़ सौ से अधिक संभ्रांत लोगों को उनकी कुर्सी के पास जाकर माल्यार्पण कर व अंग वस्त्र दे सम्मानित किया। साथ ही महाविद्यालय के पुरातन छात्र जो विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित हुए हैं, को मंच पर बुला प्रशस्ति पत्र व नकद धनराशि दे सम्मानित किया। इसके बाद आये हुए वरिष्ठ लोगों तथा महाविद्यालय के शिक्षकों संग पत्रिका “नव चेतना” का विमोचन किया।
    कार्यक्रम का संचालन नेशनल पीजी कॉलेज के प्राचार्य राकेश पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर प्रेम शंकर मिश्र एडवोकेट,चन्द्रभान मिश्र, कमलेश ओझा, गुलाब सिंह, कमलेश सिंह, परमानंद दूबे, भुवनेश्वर चतुर्वेदी, लल्लन तिवारी, अमीर यादव, अमूल्य चंद चतुर्वेदी, प्रदीप दूबे आदि सहित हजारों की संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक, छात्र एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *