पाली बिजली उपकेंद्र पर संविदा कर्मचारी से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा जांच शुरू

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवा गोरखपुर। सहजनवा थाना क्षेत्र में पाली बिजली उपकेंद्र पर तैनात एक संविदा कर्मचारी के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।
शिकायत के अनुसार, 16 जुलाई की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच टिकरियाखोर निवासी विकास सिंह अपने लगभग 10 साथियों के साथ पाली बिजली उपकेंद्र पहुंचा। आरोप है कि वहां तैनात संविदा कर्मचारी (एसएसओ) वीरेंद्र के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया तथा उपकेंद्र के कार्य में बाधा उत्पन्न की गई।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि विकास सिंह पूर्व में भी कई बार उपकेंद्र पर पहुंचकर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी दे चुका है। इस घटना के बाद उपकेंद्र पर कार्यरत कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
बिजली कर्मियों का कहना है कि बिजली उपकेंद्र जैसे संवेदनशील स्थानों पर इस प्रकार की घटनाएं न केवल कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि सरकारी कार्य भी प्रभावित होता है। कर्मचारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, मामले की शिकायत पाली थाना पुलिस को दी गई है। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








