नीति आयोग-जाइका की संयुक्त टीम ने सोनभद्र का किया दौरा

आकांक्षी ब्लॉक चतरा में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास योजनाओं का लिया जायजा

अइलकर विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और सलखन फॉसिल्स पार्क का किया निरीक्षण

सतत विकास लक्ष्यों को गति देने के लिए तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग पर हुई चर्चा –

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जनपद एवं ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत नीति आयोग एवं जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने जनपद सोनभद्र एवं आकांक्षी ब्लॉक चतरा का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास तथा सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष चर्चा की गई। संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। इसके उपरांत चतरा ब्लॉक में आयोजित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे नवाचारों एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान टीम ने चतरा विकास खंड के अइलकर गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया तथा छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से संवाद किया। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय ने निपुण भारत अभियान के अंतर्गत जनपद में विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाने हेतु किए जा रहे प्रयासों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण कर बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों, स्वास्थ्य एवं पोषण व्यवस्था का अवलोकन किया। इसके पश्चात संयुक्त टीम ने विश्व प्रसिद्ध सलखन फॉसिल्स पार्क का भ्रमण किया। पर्यटन अधिकारी राजेश भारती ने पार्क के ऐतिहासिक एवं भूवैज्ञानिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन इसे वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। साथ ही पर्यटन विकास को स्थानीय रोजगार एवं आजीविका से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर जाइका की ओर से सुश्री युमिको ओनिशी, सुश्री अयुमी मियागावा, सुश्री हितोमी हमदा, बिनाय पटनायक एवं मोहित सूद, जबकि नीति आयोग की ओर से गौरव कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ब्लॉक विकास अधिकारी रूपेश कुमार मंडल, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी संत पाल वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, उप जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी डॉ. के.एन. उपाध्याय, डॉ. जय सिंह एवं डॉ. सूर्य प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *