बुजुर्ग ने बेटे-बहू पर बंधक बनाकर लगाया मारपीट का आरोप
तहसील समाधान दिवस में लगाई न्याय की गुहार, कार्रवाई की मांग।
पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवा गोरखपुर।सहजनवा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा हरदी के सम्मिलित गांव अमौली निवासी एक बुजुर्ग ने अपने ही बेटे, बहू और पोते-पोती पर मारपीट, बंधक बनाने, भोजन न देने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए तहसील प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित रामजतन, पुत्र तीरयू, निवासी ग्राम अमौली, ने प्रभारी अधिकारी, तहसील सहजनवा को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके दो पुत्र थे, जिनमें से एक की मृत्यु हो चुकी है। वर्तमान में वह अपने पुत्र तेजमान, बहू शर्मिला, पोते विपिन एवं प्रियांशु तथा पोती अनुप्रिया के साथ रहते हैं।रामजतन का आरोप है कि पिछले करीब 15 दिनों से परिवार के लोग उन्हें भोजन और पानी तक नहीं दे रहे हैं तथा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
शिकायत पत्र के अनुसार, 30 जून 2026 को जब वह चाय पीने के लिए घर से बाहर जाने लगे, तब उनके बेटे, बहू और अन्य परिजनों ने उन्हें पकड़कर चारपाई से बांध दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शोर मचाने से रोकने के लिए उनका मुंह बंद कर दिया गया। साथ ही उनकी गाड़ी की चाबी, मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी छीन लिया गया।
पीड़ित का कहना है कि उन्हें जबरन घर में बंधक बनाकर रखा गया और लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।रामजतन ने तहसील प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने, अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।
फिलहाल मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
शिकायत के आधार पर संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच किए जाने की संभावना है।








