सलखन फॉसिल्स पार्क में योग का महाकुंभ, गुंजा योग का संदेश, इतिहास और स्वास्थ्य के संगम का दिखा अद्भुत नज़ारा.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कैमूर वन्यजीव प्रभाग के गुरमा रेंज स्थित विश्व प्रसिद्ध सलखन फॉसिल्स पार्क में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ओम् के उच्चारण के साथ हुई। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन तथा प्राणायाम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। स्कूली बच्चों ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ और सभी को नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। योग दिवस पर फॉसिल्स पार्क से प्रकृति की रक्षा का संदेश देने के लिए पौधरोपण का कार्यक्रम वनविभाग द्वारा रखा गया। समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी के साथ गुरमा वन रेंज के अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पार्क को हरा-भरा बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पौधरोपण करने के साथ ही रोपे गए पौधों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गईं। समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने इस मौके पर कहा हम सबका सौभाग्य है कि 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस दुनिया के सबसे प्राचीन जीवाश्म स्थलों में से एक सलखन फॉसिल्स पार्क में आयोजित किया जा रहा है। यह स्थल केवल सोनभद्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश की धरोहर है। यहां मौजूद करोड़ों वर्ष पुराने फॉसिल्स हमारी ऐतिहासिक और वैज्ञानिक विरासत का प्रतीक हैं। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे यहां आकर इस धरोहर को देखें और इसके महत्व को समझें। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता की पहल से इस ऐतिहासिक स्थल पर योग दिवस का आयोजन हुआ है, जो स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यटन और विरासत संरक्षण का भी संदेश देता है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा राज्यमंत्री के मार्गदर्शन में इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन सलखन फॉसिल्स पार्क में किया गया। सोनभद्र एक ऐतिहासिक जिला है और यहां करोड़ों वर्ष पुराने जीवाश्म पाए जाते हैं, जिनकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना जरूरी है। इसी उद्देश्य से इस बार योग दिवस के लिए इस स्थल का चयन किया गया। कार्यक्रम में शामिल कई लोगों ने बताया कि वे पहली बार फॉसिल्स पार्क आए हैं और इसकी ऐतिहासिक महत्ता को जाना है। हमारा प्रयास है कि सोनभद्र की समृद्ध विरासत और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले तथा पर्यटन के माध्यम से जिले को नई पहचान प्रदान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *