डीएम दीपक मीणा ने बेरोजगारों को रोजगार व किसानों को खाद उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
पूर्वा टाइम्स – हरिकृष्ण नारायण सिंह
गोरखपुर। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को दो महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। पहली बैठक में जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्ययोजना पर चर्चा हुई, जबकि दूसरी बैठक में जिलास्तरीय उर्वरक समिति की समीक्षा की गई। डीएम ने दोनों बैठकों में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में डीएम दीपक मीणा ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन की शुरुआत की है। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण व रोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी है कि वे अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को योजना से जोड़ें और कौशल विकास प्रशिक्षण दिलवाएं।
डीएम ने यह भी कहा कि युवाओं को प्रेरित करने के लिए ब्लॉक स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं, जिसमें निजी क्षेत्र के वेंडर और औद्योगिक संस्थान भी शामिल हों। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, परियोजना निदेशक दीपक सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा राजू कुमार, उद्योग, कृषि, मनरेगा और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम दीपक मीणा ने जिलास्तरीय उर्वरक समिति के अधिकारियों से कहा कि वर्तमान में खाद की किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि “जिन समितियों पर खाद की उपलब्धता नहीं है, वहां तत्काल खाद पहुंचाई जाए ताकि किसानों को असुविधा न हो।
डीएम ने कृषि विभाग को खाद वितरण की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया और कहा कि यदि किसी समिति में शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी।
अंत में डीएम दीपक मीणा ने कहा, “जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि गोरखपुर के किसान समृद्ध हों और युवा आत्मनिर्भर बनें। रोजगार और कृषि दोनों हमारे विकास की रीढ़ हैं, इन्हें प्राथमिकता से मजबूत किया जाएगा।










