श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विभाग में भव्य आयोजन

पूर्वा टाइम्स समाचार

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर के व्यवसाय प्रशासन विभाग में दिनांक 07 अगस्त 2025 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य एवं सांस्कृतिक वातावरण में एक विशेष आयोजन संपन्न हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों एवं शिक्षाओं से विद्यार्थियों को प्रेरित करना तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात कराना था।
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत विभागाध्यक्ष प्रो. मनीष कुमार श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलन एवं स्वागत भाषण से हुई। तत्पश्चात विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें श्रीकृष्ण भक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य तथा भजन सम्मिलित थे। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित भाषण प्रस्तुत किए। विशेष आकर्षण के रूप में श्रीकृष्ण से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं उपस्थित अतिथियों हेतु नाश्ते की व्यवस्था की गई, जिससे सभी ने प्रसन्नता पूर्वक सहभागिता की।

इस आयोजन में विभागाध्यक्ष प्रो. मनीष कुमार श्रीवास्तव सहित विभाग के समस्त शिक्षकगण, एमबीए तथा बीबीए वर्ग के छात्र-छात्राएँ एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन अत्यंत सफल, प्रेरणादायक एवं आनंदमयी रहा, जिसने विद्यार्थियों में आध्यात्मिकता, संस्कृति एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *