स्मार्ट मीटर तो लग रहे,एलटी तार कब होंगे स्मार्ट
पूर्वा टाईम्स – डॉ अनिल गौतम

गोरखपुर। विद्युत विभाग के द्वारा उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। सभी को स्मार्ट मीटर लगाना ही है लेकिन इन स्मार्ट मीटरों तक विद्युत सप्लाई पंहुचाने के लिए लगे एलटी तार कब स्मार्ट होंगे विभाग इसका जवाब देने में असक्षम दिख रहा है। आज भी ढीले व जर्जर तारों के टूटने व शार्ट होने से भीषण गर्मी में घंटो विद्युत सप्लाई बाधित रहती है। नगर पंचायत गोला के रामामऊ वार्ड न 14 के निवासी रामकिशुन यादव, संत प्रसाद नायक, परमहंस नायक, दिलीप नायक, खलील अहमद, रामदुलारे गोंड, दीनानाथ विश्वकर्मा, किशन, मनीष नायक, संदीप तिवारी, रमेश तिवारी, दिनेश यादव, सुरेश यादव, पिन्टू नायक, बशीर अहमद, राम सिंगारे गोंड आदि ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से शिकायत कर के कहा है कि वार्ड को ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र के मादरिया फीडर से विद्युत आपूर्ति की जाती है जबकी इसे नगर फीडर से जोड़ना था। ट्रांसफार्मर से निकलने वाला एलटीतार ढीला व जर्जर हो गया है। अक्सर हवाओं के झोंके से तार शार्ट होता रहता है। जिससे ट्रांसफार्मर के पास चिंगारी निकलती रहती है। वार्ड के तार एक दम जर्जर व ढीले हो गये हैं। हवा के तेज होने पर तार शार्ट हो कर टूट कर गिर जाते हैं। टूटने की शिकायत उपकेंद्र पर करने के सात से आठ घंटा के बाद लाइनमैन आकार बनाते हैं। भीषण गर्मी में बच्चे, बूढ़े व महिलाओं की स्थिती खराब हो जाती है। शिकायत कर्ताओं का कहना है कि इस बात की सूचना कई बार हम लोगों ने विद्युत उपकेंद्र के अधिकारियों को लिखित और मौखिक दिया है। लेकिन आज तक तार को बदला नहीं गया है। टूटे तारों को जोड़ कर बांस की फट्टी लगाकर बांध दिया जाता है।








