सियार ने 7 लोगों पर किया हमला,तीन मासूम भी घायल

पूर्वा टाइम्स समाचार

पीलीभीत।उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में बाघ और तेंदुए के खौफ के बीच अब सियार का आतंक बढ़ गया है।दो गांवों में सियार ने एक-एक कर सात लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें तीन मासूम भी शामिल हैं।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड पर है।घायलों का अस्पताल में इलाज कराया गया है।दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।सियार के हमले से गांव के लोग खौफ में हैं।

सियार के हमले की घटना पूरनपुर इलाके के बाद शनिवार सुबह जहानाबाद के सुस्वार और पंसौली गांव में हुई।गांव के पास पहुंचे सियार ने सात लोगों पर हमला कर घायल कर दिया।घायलों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं।सियार के हमले की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।सूचना के बाद वन विभाग की टीम गांव पहुंची और निगरानी शुरू कर दी। घायलों को ग्रामीणों की मदद से जहानाबाद सीएचसी में भर्ती कराया।

पहली घटना सुस्वार गांव में हुई और दूसरी घटना पड़ोस के ही गांव पंसौली में हुई।सियार के हमलों की घटनाओं के बाद पुलिस-प्रशासन और वन विभाग में खलबली मच गई। एसडीएम अजीत प्रताप सिंह,सीओ विधि भूषण के अलावा वन विभाग के अफसर सीएचसी पहुंचे और घायलों का हाल जाना।घटना को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

सियार के हमले में सुस्वार गांव के तीन वर्षीय पंकज,चार वर्षीय कलावती, तीन वर्षीय की खुशी, 23 वर्षीय जसवंत, 50 वर्षीय दीनदयाल, 17 वर्षीय रोशनी और 28 वर्षीय रूपलाल घायल हुए हैं।सियार ने पंसौली गांव में भी एक ग्रामीण को घायल किया,जिसमें से दो की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *