शादी के लिए लड़की देखकर लौट रहे तीन लोग हादसे का शिकार, रेण नदी पुल की रेलिंग से टकराई बाइक, युवक की मौत.पूर्वा टाइम्स – रमाशंकर सिंहँसोनभद्र के जिले के जुगैल थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम 7:30 एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महलपुर स्थित रेण नदी पुल पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे 21 वर्षीय युवक रमेश की मौत हो गई, जबकि उसके चचेरे भाई बबून्दर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर सवार उनके चाचा गुलाब कनौजिया भी हादसे में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम टापू के गौरा टोला निवासी रमेश (21) पुत्र राजकुमार अपनी मोटरसाइकिल से अपने चाचा गुलाब कनौजिया (52) पुत्र भुनाई और चचेरे भाई बबून्दर (20) पुत्र गुलाब के साथ शादी के लिए लड़की देखने गए थे। तीनों लड़की देखकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7:30 बजे महलपुर स्थित रेण नदी पुल पर अचानक बाइक अनियंत्रित होकर दाहिनी तरफ पुल की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े। गनीमत रही कि कोई भी नदी में नहीं गिरा। हादसे में रमेश और बबून्दर को गंभीर चोटें आईं, जबकि गुलाब कनौजिया बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले गए। वहां चिकित्सकों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। हालांकि, परिजन रमेश के शव और घायल बबून्दर को एंबुलेंस से किसी अन्य अस्पताल लेकर चले गए।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। गुलाब कनौजिया पुलिस के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा किसी अन्य वाहन की टक्कर से नहीं हुआ, बल्कि बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकराई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि पुल पर बालू की परत होने से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई जिस वजह से यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में शादी के लिए लड़की देखकर लौट रहे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

