विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत 21, 22, 28 एवं 29 नवम्बर को विशेष अभियान दिवसों का होगा आयोजन
मतदाता सूची में छूटे हुए युवा एवं महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर, प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बूथों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिलाधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारी, सोनभद्र चर्चित गौड़ ने अवगत कराया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वर्तमान में संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अन्तर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में चार विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की गई हैं। इसके तहत दिनांक 21 नवम्बर 2026 (शनिवार), 22 नवम्बर 2026 (रविवार), 28 नवम्बर 2026 (शनिवार) एवं 29 नवम्बर 2026 (रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उक्त विशेष अभियान दिवसों पर समस्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर एकीकृत निर्वाचक नामावली एवं पर्याप्त संख्या में फार्म-6 के साथ पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अन्तर्गत छूटे हुए मतदाताओं तथा युवा एवं महिला मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किए जाने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त सम्मानित नागरिकों से अपील की है कि उक्त विशेष अभियान तिथियों में अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर पहुंचकर मतदाता सूची का निरीक्षण अवश्य करें तथा आवश्यकतानुसार निर्धारित प्रारूपों में अपना आवेदन जमा करें।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम सम्मिलित कराने हेतु फार्म-6, प्रवासी निर्वाचक द्वारा निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने हेतु फार्म-6क, मतदाता सूची से नाम अपमार्जित कराने हेतु फार्म-7 तथा निर्वाचक नामावली में निवास स्थानांतरण, प्रविष्टियों में सुधार, बिना सुधार के ई०पी०आई०सी० प्रतिस्थापन एवं दिव्यांगजन के रूप में चिन्हांकन हेतु फार्म-8 भरकर जमा किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें तथा जिन पात्र नागरिकों का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित फार्म भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा कराना सुनिश्चित करें, जिससे कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

